
गया (खिजरसराय): खिजरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत गया–पटना मुख्य मार्ग पर नौडीहा के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नौडीहा गांव निवासी ईश्वर चौधरी के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईश्वर चौधरी अपनी बेटी और समधी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। वे ऑटो (टेंपो) से अपने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान टेंपो से उतरकर जैसे ही वे किराया देने लगे, तभी बालू लदा एक अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गया–पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही खिजरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
थाना प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषी चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply