
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति गीतों से जवानों ने बांधा समां
गयाजी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का 57वां स्थापना दिवस केओसुब इकाई एएसजी, गया एयरपोर्ट में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सीआईएसएफ के उप समादेष्टा सह चीफ एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी नरेश जोशी तथा गया एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर सीआईएसएफ इंस्पेक्टर रणधीर कुमार,इंस्पेक्टर बी.के. बाघवार,इंस्पेक्टर प्रशांत,पप्पू कुमार सहित कई जवान और उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जवानों एवं उनके परिवारजनों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। सीआईएसएफ के कुंदन, रानी, अमित, शंभू कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों ने गीत, नृत्य और हास्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। देशभक्ति गीतों और लोकप्रिय गीतों पर प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उप समादेष्टा सह चीफ एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी नरेश जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सीआईएसएफ राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अपने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर यह बल देश की महत्वपूर्ण संपत्तियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ का स्थापना दिवस प्रत्येक वर्ष 10 मार्च को मनाया जाता है, जो बल की स्थापना और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि यह दिवस देश को आंतरिक और बाहरी खतरों से सुरक्षित रखने के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सीआईएसएफ के उज्ज्वल भविष्य और देश की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों को निष्ठा के साथ निभाने का संकल्प लिया।











Leave a Reply