
फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और सादगी के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय परिसर में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ शशि भूषण साहू ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत की आज़ादी के सूत्रधार ही नहीं थे, बल्कि वे मानवता, सत्य और अहिंसा के महान पुजारी थे। उन्होंने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने में मार्गदर्शक हैं। यदि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारा जाए तो समाज में व्याप्त कई समस्याओं का समाधान संभव है।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजनों से गांधीजी के जीवन दर्शन को अपनाने, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनिर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता की पुण्य स्मृति को नमन किया।
कार्यक्रम में प्रखंड कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। पूरे आयोजन का वातावरण शांत, अनुशासित और भावपूर्ण रहा।












Leave a Reply