Breaking news:- नवादा: 25 हजार की रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार, पुलिस महकमे में हड़कंप।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में नवादा जिले से एक और बड़ा मामला सामने आया है। निगरानी विभाग की टीम ने अकबरपुर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर थाना के दारोगा प्रमोद कुमार पर एक मामले को अपने पक्ष में मैनेज करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में वारिसलीगंज निवासी विकास कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए गए।

इसके बाद निगरानी विभाग के डीएसपी गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पूरी योजना के तहत नवादा पहुंचकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही पीड़ित ने दारोगा प्रमोद कुमार को 25 हजार रुपये रिश्वत दी, उसी समय निगरानी की टीम ने मौके पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत की रकम के साथ पकड़े जाने के बाद आरोपी दारोगा को निगरानी विभाग अपने साथ पटना ले गई है, जहां उसे विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और भ्रष्ट अधिकारियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।