फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में सुधा डेयरी स्टोर का हुआ उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादों की सुविधा।

फतेहपुर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को सुधा डेयरी स्टोर का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में बोधगया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुमार सर्वजीत, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शशि भूषण साहू एवं अंचल अधिकारी (सीओ) अमिता सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर स्टोर का शुभारंभ किया।

यह सुधा डेयरी स्टोर राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत खोला गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना तथा आम लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद सुलभ कराना है।

उद्घाटन के अवसर पर विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि ग्रामीण और प्रखंड स्तर पर रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य के लिए आवश्यक शुद्ध दूध एवं दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हों। सुधा डेयरी स्टोर खुलने से अब लोगों को दूध, दही, घी, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सुधा उत्पादों की बिक्री के लिए स्टोर को निजी संचालकों को निश्चित अवधि के लिए लीज पर दिया गया है, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके और संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

स्टोर संचालक बीपी मंडल ने बताया कि अब तक फतेहपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुधा के दूध, दही, घी और मिठाइयों जैसे गुणवत्तापूर्ण उत्पाद खरीदने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। प्रखंड मुख्यालय में स्टोर खुलने से अब यह समस्या समाप्त हो गई है और लोगों को सभी उत्पाद स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगे।

उद्घाटन समारोह में विधायक प्रतिनिधि अरुण कुमार दांतपुरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य नागेंद्र यादव, जयपुर पंचायत के पूर्व मुखिया सदस्य मिथिलेश यादव, मोरहे पंचायत के मुखिया सदस्य संजय चौधरी सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम