
औद्योगिक थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र के मंझरिया स्थित गंगा बांध के समीप से पुलिस ने 199 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की दबिश की भनक लगते ही शराब तस्कर मौके से फरार हो गया।
इस संबंध में औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसआई अभिजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई। पुलिस जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां मौजूद तस्कर शराब की खेप छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर उसे औद्योगिक थाना लाया, जहां विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब के मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
औद्योगिक थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











Leave a Reply