गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का भंडाफोड़, 9260 किलो मुर्गी दाना बरामद,पांच अपराधी गिरफ्तार, ट्रक व मोबाइल फोन जब्त

गया। आमस थाना क्षेत्र में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात का गया पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंतरराज्यीय गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से एक ट्रक, पांच मोबाइल फोन और लूटा गया करीब 9260 किलोग्राम मुर्गी दाना बरामद किया है।

घटना के संबंध में बताया गया कि 15 नवंबर 2025 को पीड़ित ने आमस थाना में लिखित आवेदन दिया था। उसने बताया कि कोलकाता से एक कंटेनर में मुर्गी दाना लोड कर हापुड़ (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा था। इसी दौरान आमस थाना क्षेत्र के करमाइन मोड़ के पास एक कार ने कंटेनर को ओवरटेक कर रोक लिया। कार में सवार 5–6 अज्ञात बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर उसे जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद कंटेनर में लोड मुर्गी दाना उतार लिया गया और खाली कंटेनर को दोमुहान के पास छोड़ दिया गया।

इस मामले में आमस थाना कांड संख्या 321/25, दिनांक 15.11.2025 को दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, शेरघाटी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में आमस थाना के पुलिस पदाधिकारी, कर्मी तथा तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और सूचना संकलन के आधार पर 24 घंटे के भीतर कार चालक अफताफ को कार सहित गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले कंटेनर चालक आलमगीर खान और गजेंद्र सिंह को कंटेनर के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने बेंगलुरु से दो अभियुक्तों—मुर्तज अंसारी और मो. मुबारक (दोनों पिता: आशिक मिया, ग्राम बुधना विशुनपुर)—को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इनकी निशानदेही पर लूटा गया लगभग 9260 किलोग्राम मुर्गी दाना बेंगलुरु से बरामद किया गया।

इसके बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके सहयोगी मो. समद (पिता: आरिफ मिया), ग्राम बुधना विशुनपुर, वर्तमान पता मालदा, को एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। आगे की कार्रवाई में कोलकाता से दो अन्य अभियुक्त—प्रोसित मजुमदार (पिता: प्रोवाष मजुमदार), ग्राम अनिसमनी, नदिया तथा शुभंकर मंडल (पिता: शुलिस मंडल), ग्राम नदिया, पश्चिम बंगाल—को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक ट्रक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस डकैती कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गया पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय अपराध गिरोह को बड़ा झटका लगा है।