
बेलागंज थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के बेल्हाड़ी गांव के समीप सामने आया है, जहां बाइक सवार अपराधियों ने एक फाइनेंस कंपनी के अभिकर्ता से हथियार के बल पर एक लाख से अधिक रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर पंकज कुमार बेलागंज के विभिन्न पंचायतों से कलेक्शन कर मंगलवार को वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बेल्हाड़ी नहर के पास घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। पल्सर बाइक पर सवार दो और अपाची बाइक पर सवार दो अपराधी, कुल चार की संख्या में आए बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि अपराधियों ने पंकज कुमार से एक लाख पांच हजार सात सौ रुपये नकद से भरा बैग, कंपनी का टैब तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के बाद पीड़ित ने बेलागंज थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पंकज कुमार शेरघाटी थाना क्षेत्र के चिताव कला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि फाइनेंस कंपनी के अभिकर्ता द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा घटना की तहकीकात शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और विभिन्न माध्यमों से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












Leave a Reply