
बेलागंज थाना क्षेत्र के समसपुर टोला मखदुमपुर गांव में मंगलवार की शाम नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने बेलागंज थाने में लिखित आवेदन देकर अपने ही गांव के दो युवकों समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मखदुमपुर गांव निवासी अजय कुमार पाल की पत्नी रेखा पाल ने आवेदन में बताया कि मंगलवार की शाम करीब आठ बजे वह अपनी नाबालिग बेटी कल्पना कुमारी के साथ बेलागंज बाजार से घर लौट रही थीं। भलुआ मोड़ के पास टेंपू से उतरने के बाद उन्हें पैदल सुनसान रास्ते से होकर जाना पड़ता है। इसी दौरान गांव के ही विनोद पाल का पुत्र नीतीश पाल, महादेव पाल का पुत्र विनय पाल तथा तीन अन्य अज्ञात युवक रास्ते में मिले।
आरोप है कि पांचों युवकों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और दुष्कर्म की नीयत से उसे अंधेरे में खेत की ओर ले जाने लगे। मां-बेटी द्वारा शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोरी की पीठ और सीने पर वार किया गया, जबकि बचाव के दौरान उसकी बांह में भी चाकू लग गया।
इसी दौरान गांव के कुछ लोग उधर से गुजर रहे थे, जिन्हें देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल किशोरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, वहीं अज्ञात आरोपियों की पहचान का प्रयास भी जारी है। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।












Leave a Reply