फतेहपुर में दुकान बंद कर रहे युवक पर फायरिंग, इलाके में दहशत, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी


नवादा:- फतेहपुर में उस समय अफरातफरी मच गई जब दुकान बंद कर रहे एक युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। यह सनसनीखेज घटना अशोक पेट्रोल पंप के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घायल युवक की पहचान रामविलास प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और युवक पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, एसडीपीओ गुलशन कुमार और थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दो हमलावरों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।