
गयाजी जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालनगर गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नीमचक बथानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। कुछ ही देर में एसडीपीओ सुरेंद्र प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीपीओ सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।











Leave a Reply