
फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की आधी रात चोरों ने एक सोने-चांदी की जेवर दुकान को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। चोरों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से दुकान के शटर और चेनगेट को काटकर दुकान में प्रवेश किया और काउंटर में रखे कुछ नकद रुपये एवं जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने में चोर नाकाम रहे, जिससे दुकानदार एक बड़े नुकसान से बच गया।
दुकानदार अवध वर्मा ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे पांच की संख्या में चोर मुंह में गमछा लपेटे हुए दुकान में चोरी का प्रयास कर रहे थे। उनकी पूरी गतिविधि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही थी, जिसे मोबाइल फोन पर देखा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकानदार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और स्वयं पुलिस के साथ फतेहपुर से बदऊऑं की ओर पहुंचे।
इसी दौरान पुलिस वाहन की लाइट पड़ते ही चोर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं दुकान का मेन गेट और शटर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना की डायल 112 टीम एवं एसआई अंबुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र दुकान पर चौकीदार की तैनाती कर दी गई है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल दुकानदार द्वारा हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।












Leave a Reply