गया में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने NH पर लगाया जाम

गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर नहर के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नीतीश कुमार सिंह (28) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाइवे को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मौसी के घर जा रहे थे नीतीश
मृतक की पहचान डोभी प्रखंड के लेमबोगड़ा गांव निवासी वीरेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र नीतीश कुमार सिंह के रूप में हुई है। मृतक के मामा पप्पू सिन्हा ने बताया कि नीतीश घर से खाना लेकर अपनी मौसी के घर चंडी स्थान जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

डायल-112 पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों और परिजनों ने डायल-112 की टीम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टीम के सदस्य घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर स्थित एक होटल में चाय पीते दिखे। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस टीम समय पर सक्रिय होती और घायल को अस्पताल पहुंचाती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। इसी लापरवाही को लेकर लोगों ने जोरदार विरोध जताया।

पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर हटवाया जाम
जाम की सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख एएसपी शैलेंद्र सिंह और थानाध्यक्ष मोहन कुमार भी पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाया और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, नीतीश की मौत से उनके परिवार और गांव में मातम फैल गया है। ग्रामीणों ने डायल-112 टीम पर कार्रवाई की मांग की है।