फतेहपुर में चुनाव परिणाम से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील।

:- संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी।

फतेहपुर (बिहार): विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार शाम फतेहपुर पुलिस की ओर से व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

यह मार्च फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में किया गया। इस दौरान एसआई सोनू कुमार, एसआई संदीप कुमार, एएसआई मनोज कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।

मार्च की शुरुआत फतेहपुर थाना परिसर से हुई और यह झंडा चौक, मोरहे, पहाड़पुर तथा अंदर बाजार क्षेत्रों से होकर गुज़रा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा,

चुनाव परिणाम के दौरान और उसके बाद किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और गांवों-कस्बों में गश्ती दल तैनात किए गए हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और चुनाव परिणाम का शांतिपूर्वक इंतजार करने की अपील की।
इस बार फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया था। प्रशासन को उम्मीद है कि इन एहतियाती कदमों से चुनाव परिणाम के बाद भी क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहेगी।