
:- निर्वाची पदाधिकारी सह एसी परितोष कुमार रहे साथ
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को बोधगया विधानसभा क्षेत्र में सामान्य प्रेक्षक रवि दधीचि ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। उन्होंने कमीशनिंग कार्य की समीक्षा करने के बाद फतेहपुर, टनकुप्पा एवं बोधगया क्षेत्र के दर्जनों मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं जैसे बिजली, पेयजल, रैंप, शौचालय एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी केंद्रों पर दिव्यांगजनों और वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर बोधगया विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों को सुलभ एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है। प्रेक्षक रवि दधीचि ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों और सेक्टर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि मतदान दिवस पर सभी कर्मी समय से अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचें तथा आवश्यक उपकरणों की जांच पूर्व से कर लें। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी टीम भी मौजूद रहे।












Leave a Reply