
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच गया जिले के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब हम पार्टी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) की प्रत्याशी ज्योति मांझी की प्रचार गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया।
घटना खराटी गांव की है, जहां बाइक सवार युवकों ने प्रचार वाहन को रोककर उसमें लगे हम पार्टी के पोस्टर फाड़ दिए और चालक को धमकाया।
प्रचार वाहन के ड्राइवर प्रमोद कुमार ने बताया,
मैं चेरकी बाजार से प्रचार गाड़ी लेकर खराटी गांव पहुंचा था। तभी कुछ लोग बाइक पर आए और गाड़ी रोक ली। उन्होंने कहा – ‘ज्योति मांझी का गाना मत बजाओ, लालटेन (राजद) वाला गाना बजाओ, नहीं तो गाड़ी जला देंगे।’ जब मैंने साउंड बंद करने की बात कही तो वे और भड़क गए और पोस्टर फाड़ डाले।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ड्राइवर ने तुरंत इसकी सूचना पार्टी कार्यालय को दी, जिसके बाद स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की सूचना डीएम और पुलिस प्रशासन को दे दी गई है।
हम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह हमला राजनीतिक साजिश के तहत कराया गया है ताकि चुनावी माहौल को खराब किया जा सके। पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।
पार्टी का बयान:
हम लोकतांत्रिक तरीके से प्रचार कर रहे हैं। विरोधियों को जनता का समर्थन देखकर डर लग रहा है, इसलिए इस तरह की हरकतें की जा रही हैं।
हम पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी












Leave a Reply