
गया पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई की है। अलीपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के आरोपी को पुलिस ने मात्र कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को वादिनी (पीड़िता की मां) ने अलीपुर थाना में आवेदन दिया कि उसकी पुत्री शौच करने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान गाँव के ही एक व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया।
वादिनी की शिकायत पर अलीपुर थाना कांड संख्या 149/25, दिनांक 26.10.2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थानाध्यक्ष अलीपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया।
विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय आसूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बिलास मांझी के रूप में हुई है।
गया पुलिस ने बताया कि इस मामले में वैज्ञानिक अनुसंधान तेज गति से कराया जा रहा है। शीघ्र ही आरोप पत्र समर्पित कर त्वरित विचारण के माध्यम से दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
गया पुलिस ने कहा कि वह महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है, और ऐसे मामलों में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।












Leave a Reply