
गया जी। इनरव्हील क्लब ऑफ ओजस्वी के तत्वावधान में ज्ञान भारती वर्ल्ड स्कूल परिसर में शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर क्लब की सक्रिय सदस्य एवं शिक्षिका शाज़िया हबीब को उनके शिक्षण कार्य और समाजसेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। क्लब की अध्यक्ष प्रिया डालमिया ने उन्हें अंगवस्त्र और हॉट टिफ़िंग केस प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रिया डालमिया ने कहा कि शिक्षक ही हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। वे हमें सही दिशा दिखाने के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के बिना जीवन की कल्पना अधूरी है, क्योंकि वही हमें संस्कार, अनुशासन और ज्ञान का मूलभूत आधार प्रदान करते हैं। प्रिया डालमिया ने आगे कहा कि हमारे जीवन में शिक्षक की भूमिका भगवान से कम नहीं होती, क्योंकि वे ही हमारे उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं।
इस मौके पर क्लब की सचिव सुरभि कुमारी, कोषाध्यक्ष सोनिया, संपादक मदालसा और नम्रता नवदिया भी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर शिक्षकों के योगदान को याद किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिक्षकों का सम्मान कर शिक्षक दिवस की महत्ता को सार्थक बनाया।












Leave a Reply