
फतेहपुर (गया)। गया के सिटी एसपी अभिनव सिंह ने शनिवार को फतेहपुर थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर थानाध्यक्ष को आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने थाने में लंबित कांडों, वारंटों और अन्य अभिलेखों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए उनका शीघ्र निष्पादन करने तथा निर्धारित समय पर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि थाना पहुंचने वाले आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिसकर्मी आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार करें तथा पीड़ितों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहें।
सिटी एसपी ने शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए शराब तस्करों और माफियाओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, अपराध नियंत्रण और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










Leave a Reply