सड़क चौड़ीकरण और पार्क निर्माण की मांग को लेकर मुख्य पार्षद रवि कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा पत्र

फतेहपुर (गया जी)। फतेहपुर नगर पंचायत के विकास को लेकर मुख्य पार्षद रवि कुमार ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार से मिलकर मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। उन्होंने फतेहपुर में सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं पार्क निर्माण के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

मुख्य पार्षद रवि कुमार ने पत्र के माध्यम से बताया कि फतेहपुर नगर पंचायत में सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने गया-रजौली स्टेट हाईवे-70 पर बजरंगबली मोड़ से फतेहपुर बस स्टैंड होते हुए थाना मुख्यालय तक सड़क चौड़ीकरण एवं डिवाइडर निर्माण की मांग की।

इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के बैठने एवं टहलने के लिए पार्क निर्माण कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने बताया कि दोनों योजनाएं नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड एवं सशक्त स्थायी समिति की बैठक में पारित हो चुकी हैं, लेकिन राशि के अभाव में अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।

मुख्य पार्षद रवि कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर प्रेम कुमार से इन दोनों महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की, ताकि फतेहपुर नगर पंचायत का विकास हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।