दुर्गा पूजा को लेकर खिजरसराय में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील।



संवाददाता, खिजरसराय। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खिजरसराय पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस ने खिजरसराय नगर पंचायत क्षेत्र के धूरा पर, बेला रोड, बाना मोड़ और पुरानी बाजार में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने आम लोगों से शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।

थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर नगर पंचायत क्षेत्र सहित प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही, त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आम लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।