
गया-रजौली मुख्य सड़क मार्ग पर शनिवार की शाम एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (एएसओ) शिखा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी सहयोगी तागा कुमारी को भी चोटें आई हैं। यह हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपी मोड़ के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिखा कुमारी अपनी सहयोगी तागा कुमारी के साथ लोधवे स्थित बंदोबस्त कार्यालय से ड्यूटी समाप्त कर ई-रिक्शा से फतेहपुर स्थित अपने आवास लौट रही थीं। इसी दौरान गोपी मोड़ के समीप सड़क पर बने गहरे गड्ढे में ई-रिक्शा का पहिया चले जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे में एएसओ शिखा कुमारी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं तागा कुमारी को हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्की चोटें लगी हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को ई-रिक्शा से बाहर निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया।
सीएचसी फतेहपुर में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शिखा कुमारी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया। वहीं तागा कुमारी का इलाज सीएचसी में किया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गया-रजौली सड़क मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य नहीं हो सका है। इस हादसे के बाद एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना संबंधित प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के घायल होने की खबर मिलते ही विभाग में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।












Leave a Reply