
फतेहपुर:- जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए फतेहपुर प्रखंड में दो जन वितरण प्रणाली दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की है। जांच में भारी मात्रा में खाद्यान्न की कमी, उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा से कम अनाज देने और ई-पॉश मशीन व भौतिक स्टॉक में बड़े अंतर की पुष्टि हुई है। सदर एसडीओ ने दोनों दुकानदारों का लाइसेंस रद्द करने तथा उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।
पहला मामला: सुरेश पासवान की दुकान
दिनांक 06.09.2025 को तत्कालीन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत उतरी लोधवे स्थित विक्रेता सुरेश पासवान की दुकान की जांच की गई। निरीक्षण में ई-पॉश मशीन में दर्शाई गई मात्रा की तुलना में 242.45 क्विंटल चावल और 20.89 क्विंटल गेहूं कम पाया गया। इसके बाद कार्यालय ज्ञापांक के तहत विक्रेता से स्पष्टीकरण मांगा गया, जो 24.09.2025 को प्रस्तुत किया गया।
स्पष्टीकरण के आलोक में 31.12.2025 को फतेहपुर व टनकुप्पा के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा पीडीएस परख ऐप के माध्यम से संयुक्त जांच की गई। जांच में उपभोक्ताओं ने कम मात्रा में अनाज दिए जाने की शिकायत की। भौतिक सत्यापन में गेहूं व चावल शून्य पाया गया, जबकि ई-पॉश रिकॉर्ड के अनुसार उसी तिथि तक 22.07 क्विंटल गेहूं और 244.95 क्विंटल चावल शेष होना चाहिए था।
दूसरा मामला: राजेन्द्र पासवान की दुकान
इसी दिन 06.09.2025 को ग्राम पंचायत उतरी लोधवे के पीडीएस विक्रेता राजेन्द्र पासवान की दुकान की भी जांच हुई। यहां 182.83 क्विंटल चावल और 59.29 क्विंटल गेहूं की कमी दर्ज की गई। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद 31.12.2025 को संयुक्त जांच में उपभोक्ताओं ने कम अनाज दिए जाने की पुष्टि की। भौतिक सत्यापन में 01 क्विंटल गेहूं और 08 क्विंटल चावल पाया गया, जबकि ई-पॉश के अनुसार 70.19 क्विंटल गेहूं और 228.89 क्विंटल चावल शेष होना चाहिए था।
दोनों मामलों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार गुप्ता एवं टनकुप्पा के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की अनुशंसा पर सदर एसडीओ ने लाइसेंस रद्द करने और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के अनुसार, फतेहपुर प्रखंड में ऐसे कुछ अन्य पीडीएस मामलों की भी जांच चल रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि नियमों से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों पर आने वाले दिनों में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply