ई-केवाईसी सर्वर ठप, वृद्धा पेंशन धारियों को भारी परेशानी।


सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली वृद्धा पेंशन से जुड़े ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक केवाईसी) कार्य में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण बुजुर्ग पेंशन धारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ई-केवाईसी करवाने के लिए बड़ी संख्या में वृद्ध नागरिक रोजाना सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर सही तरीके से काम नहीं करने के कारण उनका कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।

सीएससी केंद्रों पर सुबह से ही वृद्ध महिला और पुरुषों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई बुजुर्ग घंटों इंतजार करने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। ठंड बहुत है और बैठने की उचित व्यवस्था न होने से बुजुर्गों को शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।

सीएससी संचालकों ने बताया कि ई-केवाईसी का सर्वर बार-बार डाउन हो जा रहा है या बहुत धीमी गति से काम कर रहा है। कभी बायोमेट्रिक नहीं पकड़ता तो कभी ओटीपी जनरेट नहीं होता। इस कारण एक दिन में बहुत कम लोगों की ई-केवाईसी ही हो पा रही है। संचालकों के अनुसार, सर्वर की तकनीकी खामी के कारण भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।

वृद्धा पेंशन धारियों का कहना है कि यदि समय पर ई-केवाईसी नहीं हुई तो उनकी पेंशन बंद हो सकती है, जिससे उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। कई बुजुर्ग दूर-दराज के गांवों से बार-बार केंद्र पर आ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और सीएससी संचालकों ने प्रशासन से मांग की है कि ई-केवाईसी सर्वर की समस्या को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए तथा पेंशन धारियों को राहत देने के लिए ई-केवाईसी की समय-सीमा बढ़ाई जाए। साथ ही बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर या विशेष व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठ रही है।

यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हजारों वृद्धा पेंशन धारियों को पेंशन से वंचित होना पड़ सकता है, जो सामाजिक सुरक्षा की भावना के विपरीत होगा।