तिलक समारोह से लौट रहे युवक से लूट, गया पुलिस ने 24 घंटे में किया उद्भेदन

लूटकांड में शामिल एक आरोपी गिरफ्तार, दो मोबाइल फोन बरामद, अन्य की तलाश जारी

गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में तिलक समारोह से लौट रहे युवक के साथ हुई लूट की वारदात का गया पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा 27 नवंबर 2025 को मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया गया था। पीड़ित ने बताया कि वह ग्राम बसुआ टोला में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सीता कुंड के पास पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली। अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मुफस्सिल थाना कांड संख्या 1217/25 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें मुफस्सिल थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी व तकनीकी शाखा की टीम को शामिल किया गया।

गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त एक अप्राथमिकी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पास से लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी कुमार, पिता उपेन्द्र प्रसाद यादव, निवासी ग्राम रामपुर, थाना मोहनपुर, जिला गया के रूप में की गई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे लूटकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।