गया पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 8 घंटे में अपहृत युवक सकुशल बरामद, 6 अभियुक्त गिरफ्तार

गया। जिले में अपराध पर नकेल कसने के तहत गया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फिरौती के लिए किए गए अपहरण के एक मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र 8 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई ने पुलिस की तत्परता और त्वरित जांच की मिसाल पेश की है।

कैसे हुआ अपहरण?

29 नवंबर 2025 को वजीरगंज बारात में जाने के लिए घर से निकले एक व्यक्ति का शाम करीब 7:30 बजे कुछ अपराधियों ने अपहरण कर लिया। अपहर्ताओं ने पीड़ित परिवार से 3 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
नकद उपलब्ध न होने पर अपराधियों ने चारपहिया वाहन, टोटो और ब्लैंक चेक बुक की भी मांग की।

घटना की शिकायत पर रामपुर थाना में कांड संख्या 616/25 दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।

विशेष टीम का गठन

वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर

नगर पुलिस अधीक्षक, गया के मार्गदर्शन में

नगर पुलिस उपाधीक्षक–02 के नेतृत्व में

एक विशेष पुलिस टीम बनाई गई। टीम में रामपुर थाना के पुलिसकर्मी तथा तकनीकी शाखा, गया के अधिकारी भी शामिल थे।

तकनीकी जांच और छापेमारी में मिली सफलता

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, गुप्त सूचना और संभावित ठिकानों की पहचान करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। इसके दौरान पुलिस ने घटना में शामिल निम्न अभियुक्तों को गिरफ्तार किया—

रंजीत कुमार,अतिम कुमार,आदर्श उर्फ दीपु,अभिषेक कुमार,मुकेश ठाकुर,एक महिला अभियुक्त

गिरफ्तार सभी आरोपियों का संबंध गया जिले के विभिन्न क्षेत्रों से है।

घटना में प्रयुक्त सामान की बरामदगी

गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सामान भी जब्त किए—

एक चारपहिया वाहन,एक लाल रंग का टोटो,एक एसबीआई का ब्लैंक चेक बुक,एक नीले रंग की होंडा मोटरसाइकिल, छह स्क्रीन टच मोबाइल फोन

कैसे बरामद हुआ अपहृत युवक?

पूछताछ में आरोपी रंजीत कुमार ने खुलासा किया कि अपहृत युवक को नैली गांव में छिपाकर रखा गया है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची।रंजीत की माँ से पूछताछ में पता चला कि युवक को मुकेश ठाकुर के घर में एक बंद कमरे में कैद किया गया है।

पुलिस ने घर की विधिवत तलाशी ली और एक बंद कमरे से अपहृत जितेन्द्र प्रसाद को सकुशल बरामद कर लिया।

अभी अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।