गया पुलिस की त्वरित कार्रवाई : प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र 6 घंटे के भीतर दुष्कर्म कांड के 4 अभियुक्त गिरफ्तार, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

गया, बिहार। महिला सुरक्षा को लेकर गया पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। गुरुआ थाना क्षेत्र में हुई एक दुष्कर्म की घटना में पुलिस ने केवल छह घंटे के भीतर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

घटना का विवरण :

दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को पीड़िता ने गुरुआ थाना में एक लिखित आवेदन देकर बताया कि वह अपने पिता एवं फूफा के साथ मैजिक गाड़ी से घर लौट रही थी। रास्ते में मैजिक ड्राइवर ने अपने कुछ साथियों को बुलाया।
इन लोगों ने पीड़िता के पिता और फूफा को बंदूक दिखाकर गाड़ी से उतार दिया तथा उनकी मारपीट की। इसके बाद ड्राइवर और उसके साथियों ने पीड़िता को पास के जंगल और झाड़ी क्षेत्र में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।

इस मामले में गुरुआ थाना कांड संख्या – 386/25, दिनांक – 30.10.2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का त्वरित निर्देश :

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने तत्काल मामले में संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (शेरघाटी-01) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया।
इस टीम में गुरुआ थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया।

तकनीकी अनुसंधान व आसूचना संकलन से मिली सफलता :

पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान मुख्य अभियुक्त संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में संदीप कुमार ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पुलिस को बताया कि वारदात के दौरान उन्होंने और उनके साथियों ने ही पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम बारा स्थित धान के खेत से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

इसके बाद संदीप कुमार के बताने पर इस कांड में शामिल अन्य तीन अभियुक्तों —विरंजन कुमार, गोल्डेन कुमार और जानकी दास — को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण :

1. संदीप कुमार

2. विरंजन कुमार

3. गोल्डेन कुमार

4. जानकी दास

बरामद सामान :एक देशी कट्टा एक जिंदा कारतूस

गया पुलिस की कार्रवाई पर वरीय पुलिस अधीक्षक का बयान :

वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने कहा कि

गया पुलिस महिला सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वैज्ञानिक अनुसंधान तेजी से कराया जा रहा है। बहुत जल्द आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित कर त्वरित विचारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।”

महिला सुरक्षा के प्रति गया पुलिस की प्रतिबद्धता :

हाल के महीनों में गया पुलिस ने महिला अपराधों के खिलाफ कई त्वरित कार्रवाई की हैं। पुलिस ने बताया कि इस प्रकार के जघन्य अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और न्याय सुनिश्चित करना गया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।