
फतेहपुर: रविवार की शाम फतेहपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब पहाड़पुर-जम्हेता सड़क मार्ग पर भाजपा के प्रचार रथ पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान बदमाशों ने प्रचार वाहन में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर को फाड़ने की कोशिश की और वाहन चालक के साथ अभद्रता भी की।
मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि प्रचार रथ को जयपुर, धरहारा, चरोखरी समेत अन्य ग्रामीण इलाकों में प्रचार कार्य के लिए भेजा गया था। प्रचार समाप्ति के बाद वाहन जब वापस लौट रहा था, उसी दौरान पहाड़पुर रेलवे फाटक के पास दो बाइकों पर सवार चार युवक पहुंचे और चालक को रोक कर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने वाहन में लगे पोस्टर को नुकसान पहुंचाया और मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में फतेहपुर थाना को सूचना दी गई है। थाना प्रभारी मोहन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, लेकिन तब तक प्रचार वाहन वहां से रवाना हो चुका था। उन्होंने बताया कि देर शाम तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।












Leave a Reply