छोटकी ढुब्बा गांव में नेवारी के पुंज में लगी आग, हजारों की संपत्ति जलकर राख

फतेहपुर थाना क्षेत्र के छोटकी ढुब्बा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक नेवारी के पुंज में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा पुंज जलकर राख हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, छोटकी ढुब्बा गांव निवासी रोहन प्रसाद के नेवारी के पुंज में यह आग लगी। इस हादसे में लगभग 5 हजार नेवारी जलकर नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। गांव के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फतेहपुर थाना में अग्निशमन (दमकल) की गाड़ी उपलब्ध होती, तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था और इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। दमकल की गाड़ी नहीं होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इतने बड़े क्षेत्र को देखते हुए फतेहपुर थाना में स्थायी रूप से अग्निशमन वाहन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।