CBI की बड़ी कार्रवाई: 10 लाख के लोन पर 95 हजार घूस मांगने वाला SBI अधिकारी 40 हजार लेते गिरफ्तार

संवाददाता, खिजरसराय :- नीमचक बथानी प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की पत्थरकट्टी शाखा के फील्ड ऑफिसर रवि रंजन कुमार को 40 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

मुद्रा लोन के नाम पर वसूली का खेल:-

नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के छतनी गांव निवासी निरंजन कुमार ने 10 लाख रुपये के मुद्रा लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि लोन पास कराने के एवज में फील्ड ऑफिसर ने उनसे 95 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और लगातार दबाव बना रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत CBI/विजिलेंस विभाग से की।

जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोचा:-

शिकायत के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी 40 हजार रुपये की पहली किस्त रिश्वत के रूप में ले रहा था, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई।

कार्रवाई से बैंक में मचा हड़कंप:-

CBI की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही SBI पत्थरकट्टी शाखा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी सहमे नजर आए, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई।


10 प्रतिशत तक कमीशन लेने का आरोप:-

ग्रामीणों का आरोप है कि इस शाखा में बिना कमीशन के लोन पास कराना मुश्किल है। सूत्रों के अनुसार, कई लाभुकों से 10 प्रतिशत तक कमीशन वसूला गया है, और इस राशि के बंटवारे में अन्य कर्मियों की भी भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है।


जांच में खुल सकते हैं और नाम :-

सूत्रों के मुताबिक, यदि मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो कई अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई को प्रशासन की ओर से भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आम जनता का भरोसा व्यवस्था पर और मजबूत होगा।