गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसडीएम केशव आनंद।

घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत देने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नीम चक बथानी के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) केशव आनंद ने गैस एजेंसियों और वितरकों के साथ बैठक कर होम डिलीवरी व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

होम डिलीवरी बहाल करना अनिवार्य

एसडीएम ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सभी गैस वितरक हर हाल में होम डिलीवरी की सुविधा बहाल करें। अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों या गोदामों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वितरकों को तय समयसीमा के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचाना अनिवार्य होगा।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत

डिलीवरी के दौरान आने वाली बाधाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि अगर कोई असामाजिक तत्व जबरन सिलेंडर छीनने या वितरण में बाधा डालने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जीरो टॉलरेंस नीति लागू

एसडीएम ने स्पष्ट किया कि:अवैध तरीके से सिलेंडर कब्जाने की कोशिश करने वालों पर तुरंत एफआईआर दर्ज होगी।

गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध वसूली पर पूरी तरह रोक रहेगी।

डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एजेंसियों की जिम्मेदारी होगी।

उपभोक्ताओं से अपील:-

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि कोई वितरक या डिलीवरी कर्मी निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे मांगता है या होम डिलीवरी में लापरवाही करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।