नैली–गोबडीहा में भीषण अगलगी, 350 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

अतरी विधानसभा क्षेत्र के नैली और गोबडीहा गांव में शुक्रवार को भीषण अगलगी की घटना ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 350 बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना में करीब 50 से 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीण धीरज सिंह के अनुसार, आग लगते ही अग्निशामक विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम करीब दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस देरी के कारण आग तेजी से फैलती गई और कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
हालांकि, बाद में ग्रामीणों और किसानों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस अगलगी में राहुल कुमार, सतेंद्र, विनीत सिंह, पवन कुमार सहित लगभग 40 किसानों की पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। कई किसानों की सालभर की मेहनत पलभर में खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। नीमचक बथानी के अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद और अंचल अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस भीषण अगलगी की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।