
नीमचक बथानी अनुमंडल अंतर्गत खिजरसराय में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) और अतरी आपूर्ति पदाधिकारी (MO) की अध्यक्षता में क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में ईंधन की सप्लाई हर हाल में निर्बाध बनी रहनी चाहिए। आम लोगों को पेट्रोल-डीजल लेने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी पंप संचालकों की होगी।
प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई संचालक कृत्रिम किल्लत पैदा करने या ईंधन छिपाकर रखने का दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अतरी के आपूर्ति पदाधिकारी (MO) को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि वे क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी करें। स्टॉक रजिस्टर की जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें। अधिकारियों के अनुसार अनुमंडल में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।












Leave a Reply