
फतेहपुर। रामनवमी पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फतेहपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक डीजे को जब्त किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि एएसआई संजय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने झंडा चौक के समीप जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना अनुमति के डीजे बजाया जा रहा था, जो प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन पाया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से डीजे को जब्त कर लिया। साथ ही संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार के नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे धार्मिक पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति डीजे बजाने, जुलूस निकालने या अन्य गतिविधियों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि सभी लोग सुरक्षित वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें।












Leave a Reply