कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ, चिरैली में उमड़ा आस्था का सैलाब


खिजरसराय के चिरैली बाजार स्थित नवनिर्मित काली मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर करीब 5000 श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें लगभग 1500 श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए।

कलश यात्रा चिरैली से प्रारंभ होकर खिजरसराय बाजार का भ्रमण करते हुए केनी स्थित फल्गु नदी तट पर पहुंची। यहां आचार्य लक्ष्मी कांत श्री महाराज जी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलशों में जल भरा। इसके बाद सभी श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई।

आयोजन समिति के सदस्य शक्ति बाबा ने बताया कि चिरैली के समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से श्रीराम साव एवं सुधीर सिंह की अध्यक्षता में मां काली प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का आयोजन किया गया है। यह महायज्ञ गुरुवार से शुरू होकर आगामी नौ दिनों तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि यज्ञ के दौरान प्रतिदिन रात्रि में कथा-प्रवचन एवं भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहेगा। वहीं, जिला परिषद सदस्य दिनेश कुमार उर्फ दीनू साव के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।