Breaking news:-स्कूली बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

गया। गया-बोधगया रोड पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सेवधर बीघा स्थित डाक स्थान के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव निवासी राजू मांझी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह खिरियामा इलाके से शुक्रवार बाजार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गया-बोधगया रोड पर सेवधर बीघा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कूली बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू मांझी सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक बस (नंबर BR-02M-2732) लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने गया-बोधगया रोड को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतक के पुत्र विजय मांझी ने आरोप लगाया कि पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।