
गयाजी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर जेल परिसर स्थित 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 150 जवानों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मेडिकल कैंप के दौरान हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, डेंगू सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। साथ ही डॉक्टरों द्वारा जवानों और उनके परिवारजनों को इन बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन डीआईजी (मेडिकल) एस.के. राय एवं 47वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट अवधेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर डीआईजी एस.के. राय ने कहा कि जवानों की बेहतर स्वास्थ्य देखभाल सुरक्षा बलों की कार्यक्षमता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय-समय पर ऐसे चिकित्सा शिविरों के आयोजन से जवानों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
वहीं कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ अपने जवानों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति हमेशा सजग है तथा भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर पटना से आए डॉ. प्रवीण कुमार (हृदय रोग विशेषज्ञ/कार्डियोलॉजी), डॉ. उमाशंकर सिंह (जनरल फिजिशियन), डॉ. के.के. मिश्रा (मेडिसिन) एवं श्री प्रशांत कुमार (कॉरपोरेट मैनेजर) सहित सहायक उप निरीक्षक फार्मासिस्ट राकेश कुमार ने मेडिकल टीम के साथ शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण को सफल बनाया।












Leave a Reply