
फतेहपुर प्रखंड में गुरुवार की शाम होलिका दहन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे प्रखंड में उत्साह, आस्था और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रखंड के मोरहे, डुमरीचट्टी, गोपी मोड़, पहाड़पुर, जम्हेता, धरहरा कला, सलैया कला और मायापुर सहित विभिन्न गांवों और चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की, वहीं बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
होलिका दहन के अवसर पर ग्रामीणों ने सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। जगह-जगह लोग एकत्रित होकर पारंपरिक गीत-संगीत के बीच अग्नि प्रज्वलित की। पर्व को लेकर गांवों में मेले जैसा दृश्य रहा।
स्थानीय प्रशासन की सतर्कता और ग्रामीणों की जागरूकता के कारण पूरे क्षेत्र में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
होलिका दहन के साथ ही रंगों के त्योहार होली की शुरुआत हो गई है। अब लोग रंग-गुलाल के साथ एक-दूसरे को बधाई देने की तैयारी में जुट गए हैं। पूरे प्रखंड में होली को लेकर उल्लास और उमंग का वातावरण बना हुआ है।









Leave a Reply