6 बिहार बटालियन एनसीसी में अनिल कुमार का भावभीनी विदाई समारोह

गयाजी। 6 बिहार बटालियन एनसीसी के सभागार में लंबे समय तक सेवा देने वाले अनिल कुमार (लश्कर) के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज कुमार(कीर्ति चक्र) सूबेदार मेजर विक्रम सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं अन्य स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि अनिल कुमार लश्कर ने वर्ष 1997 से बटालियन में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ उत्कृष्ट सेवा प्रदान की है। उनकी सेवाएं बटालियन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बटालियन उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।
कार्यक्रम के अंत में कमांडिंग ऑफिसर स्वयं वाहन चलाकर अनिल कुमार लश्कर को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने गए, जो आपसी सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक रहा। इस अवसर पर बटालियन के अधिकारी, जवान एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और भावुक वातावरण में उन्हें विदाई दी।