खिजरसराय में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध


खिजरसराय (गया) :-होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को खिजरसराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष बिजली कुमारी तथा अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान अश्लील गीत बजाने वालों, लहरिया कट बाइक चलाकर हुड़दंग मचाने वालों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

अंचल अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का पर्व है, इसलिए इसे आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाया जाए।

बैठक में मेयर प्रतिनिधि अमीर यादव, संजीत कुमार दिवाकर, गिरिश तिवारी, राकेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।