फतेहपुर थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक की गई।


फतेहपुर थाना परिसर में बुधवार को होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव ने की।

बैठक में (सीओ) अमिता सिन्हा विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्होंने उपस्थित लोगों से होली के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
अपर थानाध्यक्ष रामकृपाल यादव ने कहा कि होली के अवसर पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगे।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों के साथ-साथ फतेहपुर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।