
फतेहपुर थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव में 17 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की मां सरोज देवी ने थाना फतेहपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए गांव के ही पांच युवकों पर जबरन बेटी को घर से उठा ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 16 फरवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे की है। उस समय किशोरी अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। तभी गांव के आज़ाद कुमार, ऋषि कुमार, वीरेंद्र कुमार, सूरज कुमार और मोनू कुमार दो बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर जबरदस्ती किशोरी को अपनी बाइक पर बैठाया और उसे लेकर भाग निकले।
परिजनों के मुताबिक, किशोरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां घर से बाहर निकलीं और आरोपितों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग तेज़ी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, परंतु अब तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिवार ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपित आज़ाद कुमार द्वारा पहले से धमकी दी गई थी कि वह किशोरी को घर से उठा ले जाएगा और कोई कुछ नहीं कर पाएगा। घटना के बाद आरोपित के मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।
पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन से बेटी की सकुशल बरामदगी और सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। थाना फतेहपुर की पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।











Leave a Reply