महाशिवरात्रि पर संडेश्वर मेला का उद्घाटन

:- श्रद्धा और उत्साह से गुलजार हुआ मेला क्षेत्र

फतेहपुर:- महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को पांच दिवसीय संडेश्वर महोत्सव सह शिवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुख्य पार्षद रवि कुमार, मुखिया राजेंद्र सिंह राजू, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, वीरेंद्र संयाल और मुखिया दिलीप यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही मेला परिसर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संडेश्वर मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आस्था का जीवंत प्रतीक है। यह आयोजन नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में आपसी भाईचारा और एकता को भी मजबूत करता है। अतिथियों ने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति की सराहना की।
15 फरवरी से शुरू मेले में प्रतिदिन रात में भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में झूला, वाटर पार्क, रेलगाड़ी, मौत का कुआं, थिएटर, खिलौने, मिठाइयों, लोहे के बर्तन और पत्थर के सिलवट समेत विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेला प्रबंधन समिति के सदस्य बलराम भारती, संतोष कुमार और राजेश शर्मा ने बताया कि शांति व्यवस्था को लेकर समिति और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेले की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। मंदिर के सेवायत सोमनाथ पांडेय ने बताया कि शिवरात्रि की रात भगवान शिव-पार्वती का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा, जिसके लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मौके पर वीरेंद्र संयाल, नागेंद्र यादव, अशोक यादव, मिथलेश यादव, देवीलाल यादव, रामपति यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।