
गयाजी जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का इंतजार कर रहे 197 बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांग लाभुकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। तकनीकी और सत्यापन संबंधी त्रुटियों के कारण महीनों से अटकी पेंशन अब दोबारा शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार त्रुटियों के सुधार के बाद पेंशन राशि न केवल नियमित रूप से भेजी जाएगी, बल्कि पूर्व में रुकी हुई पूरी राशि भी लाभुकों के बैंक खातों में एकमुश्त जमा कर दी जाएगी।
प्रखंडवार लाभुकों की स्थिति
जारी सूची के अनुसार विभिन्न प्रखंडों में प्रभावित लाभुकों की संख्या इस प्रकार है— बेलागंज: 121,टनकुप्पा: 16,फतेहपुर: 38,
कोंच: 13,गुरुआ: 13,गुरारू: 25,वजीरगंज: 17,मोहनपुर: 10,
डुमरिया: 26।
तकनीकी खामी बनी अड़चन
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खाते में भेजी जाती है। आधार लिंकिंग, बैंक खाते की त्रुटि या अन्य तकनीकी कारणों से भुगतान अटक गया था। हालिया जांच में इन कमियों की पहचान होने के बाद प्रशासन ने सुधार प्रक्रिया तेज कर दी है।
राहत के साथ उठे सवाल
प्रशासन की पहल से लाभुकों में उम्मीद जगी है, लेकिन यह सवाल भी बना हुआ है कि तकनीकी समस्या के समाधान में इतनी देरी क्यों हुई। सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाएं जरूरतमंदों की जीवनरेखा मानी जाती हैं, ऐसे में भुगतान में विलंब का सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ता है।
फिलहाल जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा कर पेंशन बहाल कर दी जाएगी। अब निगाह इस बात पर है कि आदेश जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से लागू होते हैं और लाभुकों को उनका हक कब तक मिल पाता है।











Leave a Reply