
गयाजी।गयाजी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश कुमार को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर प्रखंड की प्रमुख सुचिता रंजीनी ने निगरानी विभाग से बीडीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं को पास कराने और भुगतान से संबंधित कार्यों में सहयोग के बदले बीडीओ द्वारा ₹1,00,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी। लगातार दबाव बनाए जाने के बाद उन्होंने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगरानी विभाग ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। तय रणनीति के अनुसार जैसे ही बीडीओ ने ₹50,000 की पहली किस्त स्वीकार की, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी बीडीओ से पूछताछ की गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए निगरानी विभाग के कार्यालय ले जाया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।










Leave a Reply