सशस्त्र सीमा बल द्वारा भिनगा में जरूरतमंदों को कंबल वितरण, जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित

भिनगा। 62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के परिसर में एक जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अशोक कुमार, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, जनपद श्रावस्ती, अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, डॉ. अरुण मिश्रा, सचिव, रेडक्रॉस सोसाइटी एवं ग्राम प्रधान, हरिहरपुररानी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर क्षेत्र के जरूरतमंद एवं निर्धन ग्रामीणों के बीच कंबलों का वितरण किया गया, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सहायता प्रदान करना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास करना रहा।
अतिथियों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों का कार्य केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने अपने संबोधन में कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करता है। भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिलती रहे।
कार्यक्रम में 62वीं वाहिनी के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवानों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के माध्यम से बल और जनता के बीच आपसी सहयोग, विश्वास एवं सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।