मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर डीएम ने मायापुर एवं भेटौरा का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के संभावित गया आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गया के जिलाधिकारी सशंक शुभंकर ने शनिवार को टनकुप्पा प्रखंड के भेटौरा पंचायत स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मायापुर एवं पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मायापुर पहुंचकर डीएम ने वहां संचालित गतिविधियों एवं आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों ने उन्हें केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री के गया आगमन के दौरान मायापुर आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
इसके बाद डीएम पंचायत सरकार भवन भेटौरा पहुंचे, जहां उन्होंने भवन की स्थिति, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को भवन के रखरखाव, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विशेष निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल पर भी चर्चा की और स्थल का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय पर और मानक के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि उच्चस्तरीय दौरे के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
मौके पर एडीएम, डीएओ, एसडीओ, बीडीओ, सीओ, बीएओ, मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों में सक्रियता देखी गई और आवश्यक तैयारियों को लेकर आपसी समन्वय पर बल दिया गया।