गया जंक्शन पर 45 दिनों का ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द व मार्ग परिवर्तित

मेजर रिडेवलपमेंट कार्य के कारण यात्रियों को होगी असुविधा

गयाजी। गया जंक्शन पर मेजर रिडेवलपमेंट कार्य के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर 05 फरवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक कुल 45 दिनों का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। साथ ही, कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन एवं प्रारंभ किया जाएगा। रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस अवधि में पटना-गया-पटना पैसेंजर (53213/53214) को रद्द रखा जाएगा।वहीं, पटना-भभुआ रोड इंटरसिटी, बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस, गंगा दामोदर एक्सप्रेस तथा पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा।इसके अलावा, गरीबरथ एक्सप्रेस, एकात्मता एक्सप्रेस, गया-कामाख्या एक्सप्रेस तथा पटना-गया मेमू ट्रेनों का आंशिक समापन एवं प्रारंभ विभिन्न स्टेशनों पर किया जाएगा। कुछ ट्रेनें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मानपुर एवं चाकंद तक ही संचालित होंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की समय-सारिणी और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।मेजर रिडेवलपमेंट कार्य के पूरा होने के बाद गया जंक्शन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।