फतेहपुर में शराब माफिया बेनकाब! 16 कार्टून अंग्रेजी शराब व बीयर तथा 850 लीटर देसी शराब के साथ स्कॉर्पियो और बाइक जब्त।

फतेहपुर थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर और देसी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक स्कॉर्पियो वाहन और एक बाइक को भी जब्त किया है, हालांकि शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।

इस संबंध में फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि एसआई सोनू कुमार,एएसआई चंदेश्वर प्रसाद गुप्ता, एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप तस्करी के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलनपुर जाने वाली सड़क के पास छापेमारी कर कुल 16 कार्टून अंग्रेजी शराब एवं बीयर तथा 850 लीटर देसी शराब बरामद की। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गया।

मौके से जब्त स्कॉर्पियो और बाइक को फतेहपुर थाना लाया गया है। जब्त शराब और वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।