
गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग परिसर से आज बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी), गया द्वारा संचालित पिंक बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजन सरकार, एसडीएम केशव आनंद, डीटीओ राजेश कुमार एवं महिला छात्रावास की वार्डन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
यह पिंक बस सेवा विशेष रूप से गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग की छात्राओं एवं महिला कर्मियों के लिए शुरू की गई है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से गया शहर, रेलवे स्टेशन, रामशीला, खिजरसराय सहित प्रमुख स्थानों तक प्रतिदिन तीन फेरे में सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।
बिहार का पहला इंजीनियरिंग कॉलेज बना गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग
इस पहल के साथ गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग, बिहार का पहला सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया है जहाँ छात्राओं के लिए विशेष पिंक बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। इसे महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।
छात्राओं ने जताया आभार
छात्रा मानस्वी आर्या ने कहा कि प्रधानाचार्य डॉ. राजन सरकार हमेशा छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर संवेदनशील रहे हैं और यह सेवा उनकी सकारात्मक सोच का परिणाम है।
वहीं छात्रा मुस्कान ने कहा कि प्राचार्य के नेतृत्व में कॉलेज में छात्राओं के लिए लगातार बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनमें सुरक्षा और भरोसे की भावना बढ़ी है।
छात्रा आकांक्षा ने इस पहल को कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्राओं की वास्तविक समस्याओं को समझने और समाधान करने का प्रमाण बताया।
महिला कर्मियों को भी मिलेगा लाभ
महिला छात्रावास की अधीक्षक प्रो. गरिमा ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि यह सेवा महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के लिए भी सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध परिवहन सुविधा प्रदान करेगी। कॉलेज की छात्राओं एवं महिला स्टाफ में इस सेवा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
परिवहन निगम का संदेश
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, गया ने गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग प्रशासन एवं जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक एवं अनुकरणीय मॉडल बताया।












Leave a Reply